मैनपुरी। थाना औंछा क्षेत्र के गांव तिसाह में वीडियो बनाने से मना करने पर आरोपियों ने एक किशोरी की पिटाई कर दी। जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। रात के समय आरोपियों ने पीड़िता के पिता को खेत पर पकड़ लिया और पिटाई कर दी। घटना को लेकर थाने में तहरीर दी गई है।
औंछा क्षेत्र के गांव तिसाह निवासी रामवरन ने बताया कि 17 वर्षीय पुत्री रविता सबमर्सिबल पर मवेशियों को चारा पानी डाल रही थी। तभी गांव निवासी एक नामजद की पुत्री वहां आई और पुत्री का काम करते हुए वीडियो बनाने लगी। यह देख कर पुत्री ने विरोध करते हुए वीडियो बनाने से रोका। इसी बात पर युवती ने अपने परिजन को बुला लिया और सभी लोग गालीगलौज करने लगे। रविता को पीटना शुरू कर दिया। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए तो आरोपी धमकी देकर वहां से भाग गए। रात के समय आरोपी खेत पर पहुंचे और रामवरन को पकड़ कर लाठी-डंडे से पीटना शुरू कर दिया। ग्रामीणों के आने पर आरोपी वहां से भाग निकले। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।