हॉस्पिटल पर कार्रवाई के दौरान तैनात पुलिस बल।
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में हॉस्पिटल की आड़ में गलत काम किए जा रहे हैं। इस पर लगातार नकेल कसने की कवायद की जा रही है, फिर भी हास्पिटल में अवैध काम रुक नहीं रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सोमवार को भी सामने आया। एक हॉस्पिटल में लिंग परीक्षण और गर्भपात की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने छापा मारा, यहां कई खामियां मिली। हॉस्पिटल के कामकाज का स्टिंग आपरेशन किया गया था। इस आधार पर छापामार कार्रवाई की गई। हॉस्पिटल की मशीनों को सील किया गया।
स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली कि फतेहाबाद रोड में चंद्रा हॉस्पिटल में लिंग परीक्षण और गर्भपात किया जाता है। इस सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की एक टीम ने सोमवार को हॉस्पिटल पर छापा मारा। इस दौरान हॉस्पिटल से जुड़े कागजात देखे।
डॉक्टरों की सूची देखी और नार्म्स के अनुसार कामकाज देखा। इसमें कई खामियां मिली। इस पर नोटिस जारी करते हुए हॉस्पिटल को सील कर दिया गया है। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा। उधर हॉस्पिटल संचालिका ने कहा कि उनपर गलत कार्रवाई की गई है। जिस नाम की महिला की शिकायत की बात कही जा रही है। उस नाम की महिला मेरे हॉस्पिटल में नहीं आई है। इस कार्रवाई से हॉस्पिटल संचालकों में हड़कंप मच गया है।