आगरा। प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित 70वीं उत्तर प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में आगरा की गौरी तोमर ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। जीडी पब्लिक स्कूल, शमसाबाद की इस खिलाड़ी ने अंडर-19 बालिका वर्ग की ऊंची कूद स्पर्धा में यह कामयाबी हासिल की।
विज्ञापन
इस प्रतियोगिता में अंडर-14, 17 और 19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। आगरा की टीम के साथ खेल अधिकारी के रूप में गोविंद सिंह, बृजेश कुमार, धीरेंद्र वर्मा, यूपेंद्र और उपमा सिंह गए हैं। गौरी की इस उपलब्धि पर मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक राकेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र पाल सिंह तोमर, जिला विद्यालय निरीक्षक (द्वितीय) विश्व प्रताप सिंह, जीआईसी प्रधानाचार्य मानवेंद्र सिंह, ताइक्वांडो मास्टर पंकज शर्मा, मंडलीय क्रीड़ा सचिव अनिल कुमार, सह जिला क्रीड़ा सचिव रवि प्रकाश, चौ. हरपाल सिंह चाहर, संजय नेहरू, केपी सिंह यादव, सौरभ गुप्ता बधाई दी।