केंद्रीय राज्यमंत्री डा. रामशंकर कठेरिया के मंटोला जाने की सूचना से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। लेकिन वे अरुण माहौर के आवास विकास स्थित घर पर पहुंचे। इधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी की आने की सुचना पर एत्मादपुर में हाईवे पर फोर्स बढ़ा दी गई। हालांकि पुलिस ने उन्हें कासगंज से ही बरेली लौटा दिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के न आने पर केंद्रीय राज्यमंत्री डा. रामशंकर कठेरिया ने मृत अरुण माहौर के मंटोला क्षेत्र मीरा हुसैनी स्थित पैतृक निवास पर जाने का फैसला लिया। इस सूचना पर कलेक्ट्रेट और इसके आसपास पुलिस बल बढ़ा दिया गया। मगर, बाद में पता चला कि अरुण का परिवार आवास विकास सेक्टर तीन में पहुंच गया है तो कठेरिया ने मंटोला क्षेत्र का दौरा निरस्त कर दिया। तब कहीं जाकर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। कठेरिया के साथ सांसद चौधरी बाबूलाल, विधायक योगेंद्र उपाध्याय व जगन प्रसाद गर्ग, अनिल चौधरी, शरद चौहान, भरत शर्मा, रामकुमार शर्मा, राजकुमार पथिक आदि भाजपा नेता साथ थे।