मैनपुरी। शहर को स्वच्छ बनाने में खुद पालिका ही रोड़ा साबित हो रही है। गंदगी से निजात दिलाने के लिए लाखों की कीमत से खरीदे गए कूड़ेदान वाटर वर्क्स में पड़े कबाड़ हो रहे हैं। वहीं लोग सड़कों पर कूड़ा फेंकने के लिए मजबूर हैं, लेकिन इसकी किसी को कोई चिंता नहीं है।
नगर पालिका ने दो साल पहले ही लाखों रुपये खर्च कर कूड़ेदान खरीदे थे। लेकिन रखरखाव बेहतर न होने के कारण शहर में कूड़ेदान से स्वच्छता अभियान को कोई फायदा होता नजर नहीं आ रहा है। कूड़ेदान या तो कूड़े के ढ़ेर में नजर नहीं आ रहे हैं या फिर कूड़ादान उलटा पड़ा हुआ नाले में जंग खा रहा है। नए कूड़ेदान वाटर वर्क्स में पड़े-पड़े कबाड़ हो रहे हैं। इन पर पालिका को कोई ध्यान नहीं है। लोग सड़कों पर कूड़ा फेंकने के लिए मजबूर हैं।
पहले से जो कूड़ेदान रखे हैं, उनका भी हाल कुछ ठीक नहीं है। कूड़ादान सड़क के किनारे के बजाए नालों में पड़े हुए दिखाई देते हैं। अधिकतर कूड़ेदान में खुद सफाई कर्मचारी ही आग लगा देते हैं, जिससे कूड़ादान नष्ट हो रहे हैं। लेकिन पालिका का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
सफाई नायकों की जिम्मेदारी है कि जो कूड़ेदान शहर में रखवाए गए हैं वह संबंधित जगह पर व्यवस्थित तरीके से रखे जाएं। लेकिन सफाई नायक इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। कई जगह कूड़ेदान उलटे पड़े हैं और लोग कूड़ा सड़कों पर डाल रहे हैं। यही नहीं नगर पालिका के सफाई कर्मचारी भी उस कूड़ेदान को व्यवस्थित करने का प्रयास नहीं कर रहे।
11.50 लाख किए खर्च
शहर को साफ सुथरा रखने के लिए दो साल पहले नगर पालिका ने 150 कूड़ादान 7.50 लाख की लागत से खरीदे थे। मात्र दो साल में ही 20 से 25 कूड़ेदान तो गायब हो गए। वहीं करीब 20 अव्यवस्थित पड़े हैं। इसके अतिरिक्त चार स्थानों पर चार लाख की लागत से स्थायी कूड़ादान भी बनवाए यहां भी कूड़ा फैला हुआ नजर आता है।
लोगों की बात
नगर पालिका स्वच्छता को लेकर जो अभियान चला रही है उस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कूड़ादान यदि व्यवस्थित रखे हों तो लोग कूड़ा सड़क की बजाए कूड़ेदान में ही डालें।
संतोष कुमार, गाड़ीवान
जब कूड़ादान उलटा पड़ा है तो लोग कूड़ा डालने कहां जाएं। मजबूरी में ही सड़क पर कूड़ा डाला जा रहा है।
संतोष शर्मा, खरगजीत नगर
कूड़ेदान को बारिश और आग से बचाने की व्यवस्था रखनी चाहिए जिससे हजारों रुपये के कूड़ेदान नष्ट न हो सकें।
सचिन गुप्ता, करहल रोड कूड़ाघर तो बना दिए लेकिन कर्मचारी ध्यान ही नहीं देते हैं जिससे इन कूड़ाघरो में आवारा जानवर घुसे रहते हैं, जिसके चलते लोग बाहर ही कूड़ा फेंकते हैं।
हरिओम बाबा, गनेशपुर
शहर के हर वार्ड में जरूरत वाले स्थान पर कूड़ादान रखवाए गए हैं। लोगों से अपील भी की गई है कि वे कूड़ा कूड़ादान में ही डालें। कूड़ादान को व्यवस्थित रखने के लिए सफाई नायकों को निर्देश दिए गए हैं।
लालचंद भारती, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका