कासगंज क्षेत्र के एक खेत में गन्ने की फसल
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। मिल व्यवस्थित चली है तो गन्ने की फसल की कटाई भी तेज हो गई है। किसान गन्ने के खेत खाली होते ही अगली फसल की बुवाई और पेड़ी तैयार करने में जुट गए हैं। गन्ना विभाग भी किसानों को प्रोत्साहित करने में जुटा हुआ है। जिले में तराई इलाके में एक बड़े क्षेत्रफल में गन्ने की फसल तैयार होती है। इस बार भी गन्ना किसानों ने फसल तैयार की है। न्यौली मिल व्यवस्थित चल रही है। जिससे गन्ने की खरीद आसानी से प्रतिदिन हो रही है। गन्ने की बिक्री के लिए किसानों को कतारें नहीं लगानी पड़ रही हैं।
पिछले साल तो चीनी मिल में तकनीकि खामी रहने के कारण गन्ने की खरीद नहीं हो पाई थी और गन्ना खेतों में ही खड़ा रहा, लेकिन इस बार मिल व्यवस्थित चलने से गन्ने की खपत निरंतर हो रही है, लगभग 40 प्रतिशत क्षेत्रफल का गन्ना काटा जा चुका है। किसान तेजी से अगली फसल और पेड़ी तैयार करने में जुट गए हैं। तमाम किसान गेहूं की पिछेती फसल खाली खेतों में बो रहे हैं। गन्ना विभाग भी किसानों को पेड़ी तैयार करने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। जिससे कि गन्ने की खेती आगामी पेराई सत्र के लिए और अच्छी हो सके।