हवालात में गैंगस्टर ने साथी पर किया जानलेवा हमला
- पेशी पर आए थे दोनों, एक घायल को अस्पताल में कराया भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। जिला कारागार से दीवानी में पेशी पर लाए गए गैंगस्टर के आरोपी हवालात में ही भिड़ गए। एक ने दूसरे पर पर जानलेवा हमला कर दिया। बंदियों के बीच हंगामा देख सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों में अफरातफरी मच गई। घायल बंदी का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। इसके बाद जेल भेजा गया।
थाना कुरावली क्षेत्र के रहने वाले इरफान अली और मोहम्मद हाशिम के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई थी। गैंगस्टर के मामले में दोनों जिला कारागार में निरुद्ध चल रहे हैं। शुक्रवार को जेल से दोनों को दीवानी न्यायालय में पेश पर लाया गया था। दोनों दीवानी हवालात में थे। तभी उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। मारपीट होते ही हवालात में शोर शराबा होने लगा। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों में अफरातफरी मच गई। मोहम्मद हाशिम ने इरफान का सिर हवालात की सलाखों में मार दिया। जिसके चलते सिर से खून बहने लगा। पुलिस कर्मियों ने जैसे तैसे बीच बचाव कर घायल बंदी को बाहर निकाला। लहूलुहान हालात में उसे तुरंत ही जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने मरहम पट्टी करने के बाद छुट्टी दे दी। हंगामे की सूचना पर सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ दीवानी हवालात पहुंची। अन्य बंदियों से घटना के बारे में जानकारी ली। हमला करने वाले बंदी को पेशी पूरी कर चुके अन्य बंदियों को जेल वाहन से वापस जिला कारागार भेजा गया।
कुरावली क्षेत्र के रहने वाले गैंगस्टर के दो आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। एक ने दूसरे पर हमला कर घायल कर दिया। उसे अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलाया गया।
संतोष कुमार सिंह, सीओ सिटी