बेवर (मैनपुरी)। लखनऊ के बंथरा थाने से आपराधिक मामलों में वांछित चल रहे एक गैंगस्टर को लखनऊ पुलिस ने गांव जखा में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस भी साथ रही। लखनऊ पुलिस वांछित को साथ ले गई।
लखनऊ के थाना बंथरा में थाना क्षेत्र के गांव निवासी शिवम उर्फ गोलू पुत्र अश्वनी पर आपराधिक मामला दर्ज है। उस पर गैंगस्टर की कार्रवाई भी की जा चुकी है। वह लंबे समय से लखनऊ पुलिस को चकमा देता आ रहा था। इस बीच गांव जखा में उसकी मौजूदगी भनक लगते ही लखनऊ पुलिस गिरफ्तारी के लिए आ पहुंची। प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही से संपर्क साधने के बाद वांछित की गिरफ्तारी में सहयोग मांगा। इसके बाद थाना बंथरा के एसआई बलवान सिंह स्थानीय पुलिस के साथ गांव जखा पहुंचे। वहां आरोपी की तलाश में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। थाने में आवश्यक लिखापढ़ी करने के बाद टीम शिवम को लखनऊ ले गई।