प्लांट पर सीमेंट लगाकर पेंट करता मजदूर
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में 2887 करोड़ रुपये की लागत वाले गंगाजल प्रोजेक्ट के तहत जीवनी मंडी पर अपग्रेड किए जा रहे 225 एमएलडी क्षमता के प्लांट में लीकेज सामने आया है। कंक्रीट से बनाए गए इसके रॉ वाटर टैंक में जब पानी भरा गया तो कई जगह से रिसाव शुरू हो गया। अब इन्हें सीमेंट लगाकर और जल्दबाजी में रंगाई-पुताई करके छिपाया जा रहा है।
जीवनी मंडी वाटरवर्क्स पर 102 करोड़ रुपये के काम किए जा रहे हैं। 225 एमएलडी क्षमता के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण वोल्टास कंपनी के पास है। रॉ वाटर के साथ सेटलमेंट टैंक में डिजाइन की खामियों के कारण लीकेज हो गया।
यमुना जल से ही इन टैंकों की टेस्टिंग की गई थी। टैंकों के लीक होने से पानी नीचे तक आया तो उन्हें खाली करने के बाद अब सीमेंट भरकर लीकेज दूर करने की कवायद तेजी से जारी है।
गंगाजल प्रोजेक्ट के परियोजना प्रबंधक आरके पंकज ने बताया कि कंक्रीट से बनाए गए टैंक में सीपेज है जो दूर किए जा रहे हैं। कंक्रीट में यह समस्या आती है, जिसे दूर किया जा रहा है। टैंक में ट्रीटमेंट करके इन्हें रोका जा रहा है। दोबारा पानी भरने पर चेकिं ग में पता चल जाएगा कि सीपेज रुके या नहीं।