पेयजल आपूर्ति न होने के चलते शहर में मंगवाया पानी का टैंकर। संवाद
आगरा के केदार नगर सहित आधा दर्जन काॅलोनियों में दो दिन से पानी का संकट बना हुआ है। शाम को गंगाजल नहीं मिल रहा है। लोगों की शिकायत पर भी समाधान नहीं हुआ। अधिकारी सिकंदरा वाटरवर्क्स में बिजली कटाैती होना कारण बता रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि वाॅल्व नहीं खोला जा रहा है, जिससे समस्या हो रही है।
केदार नगर, मारुति एस्टेट के कई इलाकों में सिकंदरा वाटरवर्क्स से पानी की आपूर्ति होती है। बालाजीपुरम निवासी केके भारद्वाज ने बताया कि शनिवार शाम को पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। इस पर रविवार सुबह मारुति एस्टेट क्षेत्र के पंप ऑपरेटर से बात की। उनका कहना था कि वाॅल्व खराब होने से दिक्कत हो रही है। बालाजीपुरम के साथ ही बलबतिया, जवाहरपुरम, नीलगिरी, माधव नगर, विजय विहार, अवधपुरी, जोरावर नगर में तकरीबन 10 हजार घरों में आपूर्ति बाधित है।
उधर, जलकल के जेई रंजीत सिंह ने बताया कि सिकंदरा वाटरवर्क्स पर दो दिन से बिजली कटाैती होने से समस्या हो रही है। पहले दिन आंधी के दाैरान बिजली सप्लाई बंद हो गई थी। रविवार को भी बिना कारण बिजली कटाैती की गई। बिजली विभाग को पत्र लिखकर जानकारी की जाएगी।
मोटरों को कराया दुरुस्त
जलकल के महाप्रबंधक एके राजपूत ने बताया कि गर्मी में पानी की मांग बढ़ी है। 20 प्रतिशत तक अधिक सप्लाई की जा रही है। इसके लिए 4 मोटरों को दुरुस्त कराया है।