कासगंज कछला गंगाघाट पर बढ़ा जल स्तर
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। गंगा में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में प्रशासन ने सफाई कर्मियों की भी जिम्मेदारी तय कर निगरानी के निर्देश दिए हैं। सिंचाई विभाग मुख्यालय को भी प्रतिदिन रिपोर्ट भेज रहा है। नहरों, नदियों के अलावा माइनर, बंबों की भी प्रतिदिन निगरानी की जा रही है।
बैराजों से छोड़े गए पानी ने बीते 24 घंटों में कछला गंगानदी का जलस्तर 30 सेंटीमीटर तक बढ़ा दिया है। डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने राजस्व कर्मियों को पल पल कड़ी निगरानी के निर्देश दिए हैं। सिंचाई विभाग के अफसर नहर नदियों के साथ ही माइनर और बंबों की भी निगरानी कर रहे हैं। जिले के 37 माइनरों में पानी छोड़ दिया गया है। सींच पर्यवेक्षक निर्धारित प्रारूप पर सुबह शाम मुख्यालय को रिपोर्ट कर रहे हैं।
इसके अलावा तराई क्षेत्र के ऐसे गांव जो गंगा नदी से जुड़े हुए, वहां तैनात सफाईकर्मियों की जिम्मेदारी तय की गई है। संबंधित गांव के सफाईकर्मी सुबह गांव में पहुंचते ही सफाई से पहले गंगानदी का हाल जानेंगे और संबंधित एडीओ पंचायत को अपनी रिपोर्ट देेंगे। तहसील स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष प्रतिदिन शाम को मुख्यालय स्थित बाढ़ नियंत्रण कक्ष को रिपोर्ट दे रहे हैं। वहीं जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष शासन को प्रतिदिन रिपोर्ट भेज रहा है।
जलस्तर पर एक नजर-
- 75570 क्यूसेक पानी हरिद्वार से छोड़ा गया।
- 71351 क्यूसेक पानी बिजनौर से छोड़ा गया।
- 70644 क्यूसेक पानी नरौरा से छोड़ा गया।
- 163.30 मीटर के निशान पर कछला पुल पर जलस्तर।
- मुख्यालय को प्रतिदिन रिपोर्ट भेज रहे हैं। सफाईकर्मियों से भी रिपोर्ट मांगी जा रही है। ग्राम गंगानदी निगरानी समिति से संपर्क कर उन्हें भी सतर्क किया गया है- संजय शर्मा, बाढ़ प्रभारी।