मथुरा में टैंकर में महिला के साथ गैंगरेप करने वाले दरिंदे नशे में बताए जा रहे हैं। इनमें एक ने तो दरिंदगी की हदें ही पार कर दी। महिला के साथ तीन बार दुराचार किया। इतना ही नहीं पूरे परिवार की हत्या कर देना चाहते थे, लेकिन सामने से एक गाड़ी की लाइट पड़ी। इससे घबराकर टैंकर से कूदकर भाग गए।
टैंकर में जिस वक्त बदमाश सवार हुए उस समय इटावा का यह परिवार सो रहा था। बदमाशों ने टैंकर में सवार सभी सदस्यों को जगाया। उनकी तलाशी ली और बैग से 7 हजार रुपये ले लिए।
पीड़ित महिला के पति ने बताया कि तीनों बदमाश नशे में लग रहे थे। बच्चों को भी पीटने लगे थे। एक ने तीन बार दुराचार किया था। बदमाश केबिन से उतरने लगे तो उनमें से एक बोला कि सभी को मार दो। इसी बीच सामने से आई एक जीप की लाइट पड़ी, तो वे कूदकर भाग गए। पुलिस मान रही है कि आरोपी आसपास के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने टैंकर ड्राइवर को हिरासत में लिया है।
मेडिकल के बाद हुए पीड़िता के बयान
पुलिस ने बुधवार को पीड़ित महिला का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद कोर्ट में बयान दर्ज कराए। वहीं, घटना की जानकारी पाकर इटावा से पीड़िता के परिवार वाले भी मथुरा पहुंच गए। अभी यह परिवार मथुरा में है। लेकिन माना जा रहा है कि बृहस्पतिवार की सुबह को अपने गांव के लिए चले जाएंगे। महिला के परिवार वालों ने बताया कि पुलिस ने उन्हें कई बदमाशों को पहचान भी कराई लेकिन उनमें से कोई नहीं था।