मथुरा के राया थाना के एक गांव में कूड़ा डालने को लेकर विवाद हो गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की जमकर पिटाई कर दी। थाने के सामने मारपीट की, इतना ही नहीं बीचबचाव करने पहुंच सिपाही के सामने हाथापाई की। मामला थाना तक पहुंचा, पर रिपोर्ट नहीं लिखाई गई। ग्रामीणों ने दोनों पक्षों में समझौता कर दिया।
मामला राया थाना के गांव खजूरी का है। गांव के विजय और सत्तो के बीच कूड़ा डालने को लेकर कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष थाने तक पहुंच गए। थाने के पास पहुंचते ही दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर लात-घूंसे चले। एक पक्ष का व्यक्ति थाने परिसर के अंदर भाग, उसको पीछे से मारते हुए दूसरा पक्ष भी पहुंच गया।
थाना परिसर के बाहर लड़ाई की सूचना पर एक सिपाही बीच-बचाव करने पहुंचा। उसकी मौजूदगी में मारपीट होती रही। दोनों पक्षों को सिपाही थाना लेकर पहुंचे। यहां पर ग्रामीणों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। इस मारपीट का वीडियो भी बनाया गया है, जो वायरल हो रहा है।
थाना प्रभारी संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि कूड़ा डालने और पशु बांधने को लेकर विवाद हुआ था। गांव के लोगों ने समझौता करा दिया है।