जिला पंचायत अध्यक्ष गणेश समर्थकों का गुस्सा थम नहीं रहा है। गुरुवार को भी उन्होंने बगदा गांव से लेकर चमरौली तक जुलूस निकाला। पहले बगदा चौराहे और फिर चमरौली चौराहे पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे चले विरोध प्रदर्शन में युवकों ने वाहनों पर चढ़ गए जमकर हंगामा किया। बगदा गांव में मुख्यमंत्री का पुतला जलाया गया।
वार्ड नंबर 10 पर जिला पंचायत अध्यक्ष गणेश यादव दो वोटों से मिली शिकस्त से उनके समर्थक भड़के हुए हैं। उनका कहना है कि गणेश हारे नहीं, उन्हें छल-कपट से हराया गया है।
बुधवार को बरौली अहीर, बगदा सहित कई गांवों में समाजवादी पार्टी, जिलाधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की गई थी। गुरुवार को भी सुबह युवा सड़कों पर उतर आए। पहले उन्होंने बगदा गांव से लेकर चमरौली तक काले झंडे हाथों में लेकर बाइक रैली निकाली। इस दौरान बगदा चौराहा पर जाम लगा दिया। इसकी वजह से यातायात व्यवस्था बाधित हो गई। कुछ युवकों ने सीएम अखिलेश यादव का पुतला फूंका।
इसके बाद युवक चमरौली चौराहे पर पहुंच गये। यहां उन्होेंने फिर से जाम लगा दिया और वाहनों पर चढ़कर नारेबाजी की। हाथों में लाठी डंडे लिए युवक करीब दो घंटे तक सड़क पर हंगामा करते रहे लेकिन किसी की उन्हें रोकने की हिम्मत नहीं हुई। युवकों का गुस्सा प्रशासनिक अधिकारियों पर था।
रविवार को होगी महापंचायत
आगरा। गणेश के समर्थक गांवों में लगातार पंचायतें चल रही हैं। पंचायतों में तय हुआ कि रविवार को बरौली अहीर में महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। इसमें अहम फैसले लिए जाएंगे। प्रदर्शनकारी युवाओं का कहना था कि महापंचायत का फैसला आने तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
मेरा इरादा अटल है - गणेश
उधर गणेश यादव ने कहा कि उनका प्रदेश छोड़कर जाने का फैसला अटल है। इसकी तैयारी में जुटे हैं लेकिन रविवार को जो पंचायत होगी, उसमें आंदोलन की रणनीति तय होगी। जनता जो फैसला करेगी उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई करेंगे।
गांवों में बो दिए दुश्मनी के बीज
आगरा। गणेश यादव और राजपाल के बीच का मुकाबले ने गांवों में दो दुश्मनी के बीज बो दिए हैं। कुछ प्रदर्शनकारियों ने एलान किया है कि राजपाल के गांव कुआं खेड़ा के लोगों को बरौली अहीर में घुसने नहीं देंगे। इसके चलते स्थिति और विस्फोटक होने का खतरा पैदा हो गया है। दरअसल बरौली अहीर में ब्लाक मुख्यालय है। अगले कुछ दिनों में ग्राम पंचायत और ग्राम पंचायत सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। कुआं खेड़ा, बगदा, बरौली अहीर, महुआ खेड़ा सहित आसपास के सभी गांवों का ब्लाक मुख्यालय आना- जाना रहेगा।
जुलूस :
बगदा से चमरौली तक काले झंडे लेकर जुलूस निकाला
जाम :
पहले बगदा और फिर चमरौली के पास जाम लगाया
जुनून :
प्रशासन रहा निशाने पर, डीएम के खिलाफ नारेबाजी
फिर से की जाए गिनती
गणेश समर्थकों की मांग है कि प्रशासन एक बार फिर वोटों की गिनती कराए। उनका दावा है कि इसमें गणेश की जीत होगी।
घरों पर लगाए काले झंडे
गणेश यादव के समर्थकों ने अपना गुस्सा जाहिर करने के लिए सपा केझंडे उतारकर घरों पर काले झण्डे लगा लिए हैं।