मैनपुरी। श्री भोगीलाल स्मृति में रॉयल फ्रेंडस क्लब के तत्वावधान में पांच किमी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कोसमा क्षेत्र के गांव कासगंज निवासी अतुल कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रॉयल फ्रेंडस क्लब के पदाधिकारियों ने प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ दन्नाहार कुचेला मार्ग पर जाटखेड़ा पुल से एसआरजी (स्टेट रिसोर्स ग्रुप मेंबर) सुखेंद्र प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ प्रतियोगिता जाटखेड़ा पुल से शुरू होकर कुचेला स्थित बिजली घर से लौटते हुए जाटखेड़ा पुल पहुंचकर समाप्त हुई। प्रतियोगिता में क्षेत्र के 40 धावकों ने भाग लिया।
कोसमा क्षेत्र के गांव कासगंज निवासी अतुल कुमार ने प्रतियोगिता में प्रथम, रठेरा निवासी अमन कुमार ने द्वितीय और रठेरा निवासी पवन कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समापन पर रॉयल फ्रेंडस क्लब के अध्यक्ष बादाम सिंह यादव, एसआरजी सुखेंद्र प्रताप सिंह, श्री आदर्श कृष्णा इंटर कॉलेज के प्रशासनिक प्रधानाचार्य प्रफुल्ल यादव ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रमोद यादव, निर्दोष यादव, सुमित यादव, पिंकू यादव, शिवराम सिंह यादव, पिंकू चौहान, अखिलेश यादव, सोनू फौजी, अनुज कुमार, मोनू यादव, निपेंद्र यादव, विकास यादव, सुखवीर सिंह आदि मौजूद रहे।