आगरा। बल्केश्वर (कमला नगर) में एक मकान का ताला तोड़ने और चोरी के मामले में सटोरिये अंकुश मंगल के भाई सहित तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि हालांकि अभी चोरी की पुष्टि नहीं हुई है। जिस व्यक्ति ने पुलिस से शिकायत की है, वह भी मकान का मालिक नहीं है।
गांव कहेरी, राजाखेड़ा, धाैलपुर निवासी शिवम तोमर ने पुलिस को बताया कि उनका एक घर बल्केश्वर में है। वह 2 जून को अपने घर पहुंचे। पता चला कि ताले टूटे हैं। अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और रुपये चोरी हैं। इस पर घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। सामने आया कि 1 जून की शाम 4:50 बजे कमला नगर निवासी प्रवीन उर्फ हप्पू, अंकुश मंगल का भाई अनूप और कन्हैयालाल सहित अन्य लोग आए थे। इन सभी ने वारदात की है। अंकुश और प्रवीन बड़े सटोरिये हैं। इस पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
उधर, पुलिस ने पूरे मामले की जांच की। इसमें सामने आया कि मकान श्रम विभाग की ओर से बनाए गए थे। जिस मकान का ताला तोड़ने का आरोप लगाया गया, उसमें एक महिला रहती थी। महिला ने मकान अपने भतीजे को दे दिया कुछ दिन पहले महिला का भतीजा मथुरा जाकर रहने लगा। शिवम तोमर ने पुलिस को बताया कि महिला के भतीजे पर उसके 30 लाख रुपये हैं। इस कारण उसने अपना मकान दे दिया था। उन्होंने मकान पर ताला लगा दिया था जिस पर कब्जे की कोशिश की गई।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि मकान के कागजात देखे जा रहे हैं। ताला तोड़ने की पुष्टि एक सीसीटीवी फुटेज से हुई है। हालांकि चोरी की बात सामने नहीं आई है। साक्ष्य संकलन कर कार्रवाई की जाएगी।
अंकुश की संपत्ति हुई थी कुर्क
मूलरूप से जगनेर निवासी अंकुश मंगल सटोरिया है। उसकी कमला नगर के ब्रजधाम फेज वन और जनकपुरी कॉलोनी में तीन कोठियां थीं, जबकि एक प्लॉट मलपुरा क्षेत्र में जगनेर रोड पर था। पुलिस ने इनको कुर्क करने की कार्रवाई की थी। वह लॉगइन आईडी लेकर सट्टा कराता था। पूर्व में वह गिरफ्तार किया गया था। गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी।