मैनपुरी। नवीन मंडी में आढ़तियों के बिजली कनेक्शन किए जाने की मांग को लेकर आढ़ती विरोध में उतर आए। शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी से मुलाकात पर आढ़ती संघ के अध्यक्ष ने ज्ञापन सौंपा। आठ दिन में कनेक्शन न दिए जाने पर उन्होंने धरना देने की चेतावनी भी दी है।
आढ़ती संघ के अध्यक्ष उपदेश यादव ने एडीएम बी राम और एसडीएम रजनीकांत को दिए गए ज्ञापन में बताया कि मंडी की स्थापना से लेकर पांच महीने पूर्व तक एक ही विद्युत कनेक्शन पर आपूर्ति होती थी। पांच माह पहले मंडी ने बिना कोई पूर्व सूचना किए अपना कनेक्शन अलग कर आढ़तियों की लाइन काट दी। आढ़ती, किसान और मजदूरों को गर्मी में पंखे का भी सहारा नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि कई बार प्रयास के बाद भी बिजली विभाग और मंडी प्रशासन कनेक्शन के मामले को एक दूसरे पर टाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर 20 जून तक नवीन मंडी में कैंप लगाकर 500 के करीब आढ़तियों को कनेक्शन न दिए गए तो वे धरना देने के लिए बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और मंडी प्रशासन की होगी। लक्ष्मीनारायन गुप्ता, अनुपम कुशवाह भी मौजूद रहे।
नवीन मंडी के कनेक्शन पर ही सभी आढ़ती सालों से बिजली जला रहे थे। बिल का भुगतान मंडी समिति को करना पड़ रहा था। शासन के आदेश पर सभी को अलग कनेक्शन कराने के लिए निर्देशित किया गया था। अगर इसमें कोई समस्या आ रही है तो समाधान कराया जाएगा।
प्रदीप कुमार, मंडी सचिव।