बुधवार सुबह अंतिम संस्कार के लिए जब परिजन और सैकड़ों ग्रामीण अर्थी लेकर निकले तो उन्हें जलभराव से होकर गुजरना पड़ा। यह मार्मिक दृश्य देखकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए, लेकिन हाईवे पर भरे पानी के कारण सभी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे किनारे बनने वाले नाले पर कुछ लोग राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं।
ये भी पढ़ें - आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हादसा: चालक को झपकी आने से खाई में गिरी डबल डेकर बस, पांच यात्री घायल
प्रशासन नाले का निकास घड़ी रायसिंह स्थित धंगेटा नहर बंबा तक करना चाहता है, लेकिन विरोध के चलते निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। नतीजतन हर बारिश में राष्ट्रीय राजमार्ग तालाब बन जाता है और राहगीरों के साथ स्थानीय लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग से प्रतिदिन करीब आधा दर्जन जनप्रतिनिधियों का आवागमन होता है, लेकिन किसी ने भी वर्षों से चली आ रही इस समस्या के स्थायी समाधान की गंभीर पहल नहीं की।
ये भी पढ़ें - UP: 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन! पीएम मोदी ने की सराहना, क्या भारत भी उठाएगा सख्त कदम?
दूसरी ओर टोल वसूलने वाली कार्यदायी संस्था ब्रजभूमि कंस्ट्रक्शन कंपनी भी जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने में नाकाम साबित हो रही है। लोगों का कहना है कि प्रतिदिन लाखों रुपये टोल के रूप में वसूले जाते हैं, लेकिन सड़क पर मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं।
ये भी पढ़ें - UP: जनसुनवाई...शिकायतकर्ताओं के लिए बनी दुखदाई, कागजों में सुलझ रहीं शिकायतें, हकीकत कुछ और ही है
स्थायी समाधान चाहते हैं ग्रामीण, दी आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि अधूरे नाले का निर्माण शीघ्र पूरा नहीं कराया गया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। उनका कहना है कि ढाई करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी यदि हर बारिश में राष्ट्रीय राजमार्ग तालाब बन रहा है तो यह सरकारी धन के उपयोग और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदारों ने आंखें मूंद रखी हैं और अधूरा नाला राजनीतिक खींचतान में फंसकर क्षेत्रवासियों की परेशानी का कारण बना हुआ है। अब क्षेत्रवासी आश्वासन नहीं, बल्कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान चाहते हैं।
ये भी पढ़ें - UP: अब आप भी बन सकते हैं साइबर सुरक्षा एक्सपर्ट, खर्च करने होंगे 500 रुपये; आगरा विवि में शुरू हो रहा ये कोर्स