फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: एफएसडीए आयुक्त का 17 मेडिकल फर्माें पर छापा, दुकान बंद कर भागे विक्रेता

विज्ञापन
जांच करती एफएसडीए आयुक्त
विज्ञापन
आगरा। नकली, सैंपल, सरकारी और एक्सपायर दवाओं की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के नेतृत्व में लखनऊ की टीम ने शुक्रवार को एक साथ 17 मेडिकल फर्मों पर छापा मारकर जांच की। छापे से दवा बाजार में अफरा-तफरी मच गई। कई विक्रेता दुकान बंद कर भाग गए। देर रात तक दवाओं की खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड खंगाले गए। बिल में गड़बड़ी के साथ कई संदिग्ध दवाएं मिली हैं। जांच के नमूने लिए गए हैं। नामी कंपनियों की एंटीबायोटिक, पेट रोग और गर्भनिरोधक दवाएं लखनऊ में जांच में नकली मिली हैं। इनकी खरीद आगरा से की गई थी। इसी की जांच के लिए दोपहर में 16 जिलों के लिए 20 अधिकारियों की टीम ने पुलिस-प्रशासन के साथ कम्मूटोला, कोतवाली रोड, नवाबिया मार्केट, मुबारक महल, श्रीकृष्णा कॉम्प्लेक्स, बोहरे रामगोपाल मार्केट और खिन्नी मार्केट की 17 मेडिकल फर्मों पर छापा मारा।
विज्ञापन

टीम ने नकली दवाओं के बिल दिखाते हुए दुकानदारों से सत्यापन कराया। इसके बाद फर्म के लाइसेंस, दवाओं के स्टॉक, खरीद कहां से की, किन-किन को बेची समेत अन्य की जांच की गई। स्टॉक रजिस्टर और भंडारण का भी मिलान किया गया। इसमें भी अंतर पाया गया है। जांच में दवाओं के रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिली है। कई दवाएं भी संदिग्ध मिली हैं। टीम ने मेडिकल फर्मों से संदिग्ध दवाओं के बिल और लैपटॉप-कंप्यूटर भी जब्त किए हैं। एफएसडीए की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि नकली, सैंपल, सरकारी दवाओं के मामले में जांच चल रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगा।
विक्रेता के फोटो, नाम की सूची लेकर आई हैं आयुक्त
एफएसडीए की आयुक्त नकली, सैंपल, सरकारी और एक्सपायर्ड दवाओं के री-पैकिंग खेल को पकड़ने के लिए आरोपियों के नाम, फोटो, फर्म का नाम, कारोबार की स्थिति, पता समेत कई जानकारी की सूची बनाकर लाई हैं। इस सूची के आधार पर ही सभी फर्मों पर छापा मारा। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के फेसबुक-इंस्टाग्राम समेत सोशल मीडिया से फोटो लिए गए हैं। इनका अवैध कारोबार उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली तक फैला है।
विज्ञापन



लगाया नोटिस...शादी के कारण बंद है दुकान
दोपहर में छापा पड़ने के बाद 25-30 फीसदी दुकानें बंद हो गईं। दुकानों पर नोटिस भी चस्पा है, जिसमें शादी की वजह से दो दिन दुकान बंद होने की जानकारी दी है। टीम ने बंद दुकानों के आसपास के विक्रेताओं से जानकारी की। इसके आधार पर सूची बनाई है। बिना वजह बंद मिलने वाली फर्म की भी चरणबद्ध जांच की जाएगी।


जब्त की जा चुकी हैं 3.80 करोड़ की दवाएं
एफएसडीए की टीम ने दो चरणों में 38 फर्मों की जांच कर 3.80 करोड़ रुपये की दवाएं जब्त की हैं। 12 गोदामों के ताले तोड़कर जांच की। दो पर अभी सील लगी है। पहले चरण में 22 से 24 मई तक कार्रवाई में तीन करोड़ रुपये और दूसरे चरण में 12 से 14 जून तक 80 लाख रुपये की दवाएं जब्त की गई थीं। इनमें एंटीबायोटिक, कॉस्मेटिक, पेट रोग, सांस-अस्थमा रोग, हृदय रोग, मधुमेह रोग, जुकाम-खांसी की टैबलेट, सिरप और कैप्सूल के 90 नमूने जांच को भेजे जा चुके हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें