मैनपुरी। कई महीनों से फर्जी रीडिंग पर बिल जारी करने पर बिजली विभाग ने मीटर रीडर की सेवा समाप्त कर दी है। बिलिंग कंपनी के सुपरवाइजर ने आरोपी पर एफआईआर दर्ज करवाई है।
ज्योंती रोड उपकेंद्र क्षेत्र में पिछले सप्ताह से उप खंड अधिकारी पदम गर्ग के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। यहां उपभोक्ता नरेश चंद्र के मकान में लगे मीटर की चेकिंग के दौरान संदेह होने पर उन्होंने मीटर की रीडिंग और बिलिंग स्टेटस चेक किया तो पता चला कि मीटर में 3600 यूनिट की रीडिंग स्टोर है।
इससे साफ हो गया कि क्षेत्रीय मीटर रीडर वंश यादव ने बिलिंग के दौरान फर्जी मीटर रीडिंग दर्ज कर बिल निकाला। मामले में उप खंड अधिकारी पदम गर्ग ने बिलिंग कंपनी मै. फ्लुएंट ग्रिड को मीटर रीडर वंश यादव की सेवा समाप्त करने और एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए थे। इसके आधार पर कंपनी ने मीटर रीडर की सेवा समाप्त कर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है। उप खंड अधिकारी ने अन्य मीटर रीडरों को भी नियमानुसार बिलिंग करने की हिदायत दी है।
घरेलू कनेक्शन पर संचालित हो रहा था वाटर प्लांट
ज्योंती रोड स्थित जिस मकान पर लगे मीटर की बिलिंग में फर्जीवाड़ा मिला, उसमें आरओ वाटर प्लांट संचालित हो रहा था। इसके बाद भी उपभोक्ता ने दो किलोवाट का घरेलू बिजली कनेक्शन लिया था। इसके चलते क्षेत्रीय अवर अभियंता नवीन कुमार को कनेक्शन व्यावसायिक श्रेणी में परिवर्तित करने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही मीटर में स्टोर 3600 यूनिट का बिल उपभोक्ता से वसूलने को कहा गया है।
मीटर रीडिंग में फर्जीवाड़ा सामने आने पर मीटर रीडर की सेवाएं समाप्त करने के साथ ही कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई है। उपभोक्ता पर भी स्टोर रीडिंग का बिल और जुर्माना लगाया गया है। मागेंद्र कुमार अग्रवाल, अधिशासी अभियंता प्रथम।