फिरोजाबाद के थाना रसूलपुर क्षेत्र की एक युवती को बिजनौर के युवक ने वैवाहिक वेबसाइट शादी डॉट कॉम के जरिए प्रेम जाल में फंसाकर दुष्कर्म किया और उसके आपत्तिनजक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। शातिर अभियुक्त को रसूलपुर पुलिस ने बुधवार को बस अड्डे से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
सीओ सिटी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि रसूलपुर इलाके की एक युवती ने 6 दिन पहले आरोपी मुजीब अंसारी निवासी हनीफ कॉलोनी, कोतवाली देहात, बिजनौर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि मुजीब से उसकी मुलाकात शादी डॉट कॉम के माध्यम से हुई थी। फरवरी 2026 में मुजीब ने उसे आगरा के एक होटल में मिलने के लिए बुलाया।
वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। जब शादी का दबाव बनाया, तो वह मुकर गया और उसकी निजी तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार के अनुसार गिरफ्तार किया गया 26 वर्षीय मुजीब अंसारी पूर्व में दुबई में नौकरी कर चुका है और वर्तमान में अपने गांव में ही रह रहा था। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में लेते हुए जेल भेज दिया है।