आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में निशुल्क डायलिसिस की सुविधा शुरू होने से मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। दूसरे जिलों से भी मरीज आ रहे हैं। इससे कॉलेज प्रशासन पांच मशीनें और बढ़ाने की तैयारी कर रहा है।
विज्ञापन
बीते महीने सुपर स्पेशियलिटी सेंटर स्थित नेफ्रोलॉजी विभाग में डायलिसिस यूनिट शुरू हुई थी। इसमें 16 डायलिसिस मशीनें लगाई गई थीं। राशन कार्ड होने पर डायलिसिस पूरी तरह निशुल्क है। अब तक करीब 800 डायलिसिस हो चुकी हैं। रोजाना 25-30 मरीजों की डायलिसिस हो रही है, 15-20 मरीजों का पंजीकरण हो चुका है।
नेफ्रोलाॅजी विभागाध्यक्ष डॉ. अपूर्व जैन ने बताया कि एसएन में डायलिसिस और जरूरत की दवाएं भी निशुल्क उपलब्ध कराने से आगरा, अलीगढ़ मंडल के अलावा 10-15 अन्य जिलों के मरीज भी आ रहे हैं।
विज्ञापन
डायलिसिस के नए पंजीकरण किए बंद
डायलिसिस यूनिट में सुबह 8 से शाम 8 बजे तक डायलिसिस हो रही है। मरीजों की संख्या बढ़ने से मशीनें और टेक्नीशियन की कमी पड़ रही है। इससे नए पंजीकरण कुछ समय के लिए बंद किए गए हैं। मशीनें और टेक्नीशियन आने के बाद मरीजों का पंजीकरण शुरू कराया जाएगा।
मशीनों की कर रहे हैं खरीद
प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि मरीज अधिक आ रहे हैं। इससे 5 डायलिसिस मशीनें और लगाई जाएंगी। अभी एक-दो मशीनें हैं, बाकी की खरीद करेंगे। इससे किडनी मरीजों के लिए सुविधा और बढ़ जाएगी।