आगरा में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने का झांसा देकर करीब 20 लोगों से 6.35 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ितों ने एसएसपी से शिकायत की। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी घर से परिवार सहित फरार है।
जगदीशपुरा के रविदास नगर निवासी करतार सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें कहा कि उनकी खातीपाड़ा निवासी रोहित अग्रवाल से एक साल से जान-पहचान थी। एक दिन उसने बताया कि वह नगर निगम में कार्यरत है। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनवाए जा रहे हैं। वह योजना में मकान दिलवा देगा।
हर व्यक्ति से ली रकम
वह राहुल, रवि सहित अन्य के साथ रोहित के घर गए और मकान के लिए बात की। रोहित ने हर व्यक्ति से 30-40 हजार रुपये आवास दिलवाने के नाम पर लिए। तकरीबन 20 लोगों से 6.35 लाख रुपये ले लिए। आश्वासन दिया कि छह जुलाई तक आवास मिल जाएंगे। आवास नहीं मिलेंगे तो रुपये वापस कर दिए जाएंगे।