आगरा के एक फर्म के निदेशकों के खिलाफ सोमवार को एडीजी और एसएसपी कार्यालय में शिकायत की गई। पांच पीड़ितों ने शिकायती पत्र देते हुए फतेहाबाद रोड स्थित एक होटल के शेयरों में निवेश के नाम पर 1.68 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया। मामले में थाना पुलिस को जांच के आदेश दिए गए हैं।
इन्होंने की शिकायत
कमला नगर में रहने वाले भारती देवी, रिशिका वाधवानी, चंपा वाधवानी, महेंद्र कुमार वाधवानी और कमला नगर स्थित बसंत विहार निवासी मनीष तोमर सोमवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचे। सभी ने अलग-अलग प्रार्थनापत्र दिए। आरोप लगाए कि उनके साथ डेवलपर्स फर्म के निदेशकों ने धोखाधड़ी की है। निदेशकों ने वर्ष 2014 में फतेहाबाद रोड स्थित एक होटल के शेयरों में रुपये लगवाए थे। कहा था कि 12 प्रतिशत की दर से रकम में बढ़ोतरी होगी। 1.68 करोड़ रुपये शेयरों में लगवाए थे, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
दिया ये अश्वासन
पीड़ितों ने बताया कि जब उन्होंने अपनी रकम मांगी तो एक जमीन दिखाई। प्लाट देने का आश्वासन दिया। बाद में पता चला जो जमीन दिखाई गई थी, वह सरकारी थी। जमीन के कागजात फर्जी थे। वर्ष 2020 में आरोपियों के परिवार के मुखिया की मृत्यु हो गई। अब परिवार के लोग तगादा करने पर फर्जी मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी देते हैं। एडीजी जोन राजीव कृष्ण और एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने प्रार्थनापत्रों पर जांच के आदेश दिए हैं।