किशनी (मैनपुरी)। ग्राहक सेवा केंद्र दिलाने के नाम पर गांव फरेंजी निवासी एक युवक से 1.65 लाख ठग लिए। पीड़ित ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। डीएम ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
थाना क्षेत्र के गांव फरेंजी निवासी राजेश कहार ने डीएम महेंद्र बहादुर सिंह को प्रार्थना पत्र दिया है। इसमें कहा है कि उसने रोजगार पाने के लिए एक ऑनलाइन वेबसाइट पर आवेदन किया था। आवेदन करने के कुछ दिन बाद महेश पाटिल नाम के किसी व्यक्ति का उनके पास फोन आया। उसे एक बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र दिलाने का आश्वासन दिया। इसके लिए 7900 रुपये की मांग की गई। इसके बाद एकाउंट खुलवाने के लिए 25 हजार रुपये की मांग की गई। धीरे-धीरे कर कई बार में ठग ने खाते में करीब 1.65 लाख रुपये डलवा लिए। रुपये देने के बाद भी जब ग्राहक सेवा केंद्र नहीं मिला तो राजेश को ठगी की जानकारी हुई। शिकायत मिलने के बाद डीएम ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।