मैनपुरी। मोहल्ला अवधनगर निवासी युवती के खाते से शातिर ने 5.20 लाख रुपये पार कर दिए।
जानकारी तब हुई जब युवती ने अपने एक रिश्तेदार को खाते से रुपये निकालने के लिए भेजा। बैंक में शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़िता ने बैंक अधिकारी, कर्मचारियों और अज्ञात के विरुद्ध धोखाधड़ी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अवध नगर निवासी सर्वेश कुमार गुप्ता की पुत्री आशिका गुप्ता का खाता स्टेशन रोड स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा में है। पीड़िता के अनुसार एक जनवरी 2020 को उक्त खाते में आरटीजीएस के माध्यम से पांच लाख रुपये जमा कराए गए थे। 29 अप्रैल तक यह जमा राशि करीब 5.20 लाख के करीब थी। 28 मई को आशिका ने अपने चाचा को एक लाख रुपये का चेक दिया। जब चाचा बैंक से रुपये निकालने के लिए गए तो शाखा प्रबंधक ने बताया कि खाते में 423 रुपये ही हैं। खाते से करीब 5.20 लाख रुपये गायब होने की जानकारी के बाद आशिका 28 मई को परिजनों के साथ बैंक पहुंची और प्रबंधक से शिकायत की लेकिन वहां सुनवाई नहीं हुई। खाते से नकदी गायब होने के मामले में आशिका ने बैंक अधिकारी, कर्मचारी व अज्ञात लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी कर खाते से कैश निकाले जाने की तहरीर दी। पीड़िता के अनुसार उनके खाते से रुपया ऑनलाइन बैंकिंग के जरिया निकाला गया है।
युवती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भानूप्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली।