भोगांव (मैनपुरी)। रोडवेज में नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठग ने सगे भाइयों से 4.73 लाख रुपये ठग लिए। काफी समय बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो युवकों ने रुपये वापस मांगे। इस पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव जैतूलपुर निवासी श्याम सुंदर व उसके भाई उमेश की मुलाकात करीब चार वर्ष पूर्व जनपद औरैया के थाना एरवा कटरा क्षेत्र के गोपियापुर निवासी एक युवक के साथ हुई थी। दोनों भाइयों की उससे काफी अच्छा मेल जोल हो गया था। इस बीच एक दिन ठग ने दोनों भाइयों से रोडवेज में नौकरी लगवाने की बात कही। उसने रोडवेज में अपनी पैठ होने की बात कही। दोनों भाइयों का झांसे में लेकर धीरे धीरे 4.73 लाख रुपये ले लिए। रुपये लेने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो श्याम व उमेश ने अपने रुपये वापस मांगे, लेकिन ठग दोनों को आज कल कह कर टरकाता रहा। कुछ दिन पूर्व जब रुपये वापस करने के लिए कहा तो ठग ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित भाइयों की ओर से थाने में तहरीर देकर आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।