कासगंज। अब तक शिक्षा विभाग में फर्जीवाड़े की कलई खुल रही थी, लेकिन अब अन्य विभागों में भी एक ही नाम से नौकरी करने का मामला सामने आया है। एक होमगार्ड विद्युत विभाग में सबस्टेशन अधिकारी के रूप में भी तैनात है। मामला सामने आने के बाद दोनों ही विभागों ने इसकी जांच शुरू कर दी है।
सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव हरनाथपुर निवासी हरिशंकर लंबे समय से होमगार्ड के पद पर तैनात है। इसके अलावा वह विद्युत विभाग में भिटौना सबस्टेशन अधिकारी के रूप में भी इसी नाम से नौकरी कर रहा है। उसे होमगार्ड विभाग ने मानदेय व विद्युत विभाग से वेतन मिलता है। इस मामले की शिकायत एक ग्रामीण ने दोनों ही विभागों में की।
पृथम दृष्टया शिकायत सही पाई गई। अब दोनों ही विभागों ने मामले की जांच शुरू करा दी है। स्पष्ट किया जा रहा है कि आखिर एक ही व्यक्ति एक ही नाम से दो अलग-अलग विभागों में नौकरी कैसे कर रहा है। दोनों विभागों के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच तेजी से की जा रही है।
फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई तो सख्त कार्रवाई होगी। शिकायतकर्ता हरवीर सिंह, प्रेमपाल आदि ने बताया कि एक ओर रोजगार के लिए लोग परेशान हैं, वहीं एक ही व्यक्ति को दो-दो जगह रोजगार मिल रहा है।
करा रहे जांच
- इस तरह का मामला संज्ञान में आया है। अधीनस्थों को निर्देशित कर पूरा ब्योरा मांगा गया है। मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। उसके जमा किये गए अभिलेख भी देखे जा रहे हैं। - संदीप अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता, विद्युत।
पुष्टि होते ही होगी कार्रवाई
- मामले की जांच हो रही है। एक ही व्यक्ति दो विभागों में स्थायी या संविदा पर नौकरी नहीं कर सकता। यदि होमगार्ड का विद्युत विभाग में नौकरी करने का मामला पुष्ट हो जाता है तो तत्काल कार्रवाई होगी। - अजय कुमार, कमंाडेंड, होमगार्ड विभाग।