गंजडुंडवारा(कासगंज)। गंजडुंडवारा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास के नाम पर जालसाज द्वारा की गई ठगी के मामले में पीड़ितों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। अब कादरगंज पुख्ता के कई पीड़ित सामने आए हैं। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में मुकदमा दर्जन करने की मांग उठाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने जल्द ही विधिक कार्रवाई करने की बात कही है।
सरकारी आवास की चाह में गंजडुंडवारा क्षेत्र के कई गांव के गरीबों ने कर्ज लिया और गहने आदि बेचकर जालसाज सिकंदरपुर वैश्य के गांव नवाबगंज नगरिया निवासी रमाकांत को रुपये दे दिए। 5 महीने तक यह महिलाएं आवास के इंतजार में इधर-उधर भटकती रहीं और जालसाज से संपर्क करती रहीं। अब जालसाज भाग गया है।
ठगी के शिकार हुए पीड़ितों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। गांव म्युनी, नगला डामर, नगरिया के बाद अब गांव कादरगंजपुख्ता के तमाम ग्रामीण जालसाजी का शिकार होने के बाद सामने आए हैं। पीड़ितों ने थाना सिकंदरपुर वैश्य पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई करने का आश्वासन पीड़ितों को दिया।
लोग भ्रमित न हों
- फिलहाल प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत कोई स्वीकृति नहीं दी जा रही है। लोग भ्रमित होकर ठगी का शिकार न बनें। जागरूक रहें।
रामायाण सिंह, परियोजना निदेशक।
कर रहे हैं जांच
- तहरीर मिल गई है। मामले में जांच कर रहे हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। लोगों को न्याय दिलाया जाएगा।
दशरथ सिंह, थाना प्रभारी, सिकंदरपुर वैश्य।
रिपोर्ट एवं संपादन अजय झंवर