पुलिस भर्ती परीक्षा के नाम पर युवक-युवतियों से करोड़ों की ठगी करने वाले मास्टर माइंड को पुलिस जेल भेज चुकी है। इस प्रकरण में अब मास्टर माइंड की पत्नी पुलिस के रडार पर है। जिसकी तलाश में पुलिस टीम ने औरेया जनपद में दबिश दी, लेकिन आरोपी महिला अपने घर पर ताला लगाकर फरार है। वह पुलिस गिरफ्त में नहीं आ सकी है। जिसकी तलाश जारी है।
उत्तर प्रदेश के जनपद औरेया के बिधूना एरवा कटरा निवासी एक दंपती ने जनपद फिरोजाबाद के थाना मक्खनपुर क्षेत्र के अंतर्गत नगला बाजदार अरमरा जट्ट के कुछ युवक-युवतियों को पुलिस में भर्ती के नाम पर सपने दिखाए थे। बाकायदा आरोपियों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत युवक-युवतियों को नौकरी के नाम पर 12-15 लाख रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से ठगा था। इस तरह से करोड़ों रुपयों की ठगी हुई थी।
विज्ञापन
इस मामले की शिकायत एसएसपी सौरभ दीक्षित से मक्खनुपर के अरमरा जट्ट निवासी राकेश कुमार ने की थी। सीओ प्रवीण कुमार तिवारी ने इस मामले की जांच करते हुए पुलिस टीम की मदद से इस मामले में लहसुन कारोबारी गंगादत्त निवासी विधूना जनपद औरेया को गिरफ्तार किया था। जिसके पास से प्रिन्टर, मुहर आदि बरामद हुई थीं। इस मामले में मक्खनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी गंगादत्त को जेल भेज दिया था। वहीं इस मामले में गंगादत्त की पत्नी नीलम देवी अभी फरार चल रही है। जिसकी तलाश के लिए सीओ प्रवीण तिवारी के निर्देशन में मक्खनपुर पुलिस ने औरेया में दबिश दी, लेकिन पुलिस के हाथ आरोपी महिला नहीं लग सकी। सूचना थी कि वह अपने गांव में मौजूद है। वहां भी पुलिस ने दबिश दी, लेकिन वहां भी पुलिस को खाली हाथ ही वापस लौटना पड़ा।
सीओ प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस भर्ती के नाम पर हुई ठगी के मामले में गंगादत्त की पत्नी नीलम अभी फरार चल रही है। जिसकी तलाश में औरेया में दबिश दी गई थी, लेकिन उसके घर पर ताला लगा हुआ था। उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।