फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगरा: सॉल्वर गिरोह ने सेना भर्ती परीक्षा में लगाई सेंध, फोटो से खुली पोल, चार गिरफ्तार

Sun, 12 Jan 2020 11:17 AM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
पकड़े गए चारों आरोपी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
आगरा में सेना में फायरमैन के पद पर भर्ती परीक्षा में भी सॉल्वर गिरोह ने सेंध लगा ली। आर्मी इंटेलीजेंस ने शनिवार को फोटो मिलान में चार सॉल्वरों को पकड़ लिया। चारों को पुलिस के हवाले किया गया है। दो कोचिंग के छात्र हैं, जबकि एक आरोपी अपने चचेरे भाई के स्थान पर परीक्षा देने आया था।
विज्ञापन


सदर थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार ने बताया कि शनिवार को सदर स्थित जीत सिंह स्टेडियम में सेना में फायरमैन की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा हुई थी। इसमें सॉल्वर गिरोह के आने की सूचना पर आर्मी इंटेलीजेंस और सेना पुलिस सक्रिय हो गई। 

प्रवेशपत्र और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा था। फोटो, प्रवेशपत्र और दस्तावेज मिलान में चार सॉल्वरों को पकड़ लिया गया।
विज्ञापन

ये आरोपी पकड़े गए

गिरफ्तार अभियुक्तों में फिरोजाबाद के नसीरपुर स्थित गांव ततारपुर निवासी बंटू यादव, सनी कुमार, फिरोजाबाद के थाना मटसेना के गांव घटावली निवासी विपन यादव और पीलीभीत के थाना बीसलपुर के गांव इमलिया मरौरी निवासी तेजपाल हैं। 

बंटू नगला पदी में किराए पर रहा रहा था। वह अपने चचेरे भाई की जगह परीक्षा देने आया था। अन्य आरोपी सॉल्वर गिरोह के सदस्य हैं। उन्होंने परीक्षा में पास कराने के लिए 50-50 हजार रुपये में ठेका लिया था।

पहले पुलिस, फिर टीईटी, अब सेना भर्ती में सॉल्वर

आगरा में सॉल्वर गिरोह के पकड़े जाने का यह पहला मामला नहीं है। दिसंबर में पुलिस भर्ती की दस्तावेज समीक्षा और शारीरिक मानक परीक्षण में 25 से ज्यादा सॉल्वर पकड़े गए थे। इसमें तीन गैंग के सरगना के भी नाम सामने आए। 

पिछले दिनों टीईटी परीक्षा में तीन सॉल्वर सहित सात को पुलिस ने पकड़ा था। इनमें दो सरगना और सहयोगी शामिल थे। यह गिरोह भी सॉल्वरों को भेजता था। अब सेना भर्ती परीक्षा में सॉल्वर पकड़े गए हैं।
विज्ञापन

दो गिरोह के नाम सामने आया

पुलिस की पूछताछ में दो गिरोह के नाम सामने आए हैं। फिरोजाबाद के सनी कुमार और विपन यादव कोचिंग के छात्र हैं। वह एक गिरोह के संपर्क में थे। दोनों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। सरगना के कहने पर ही परीक्षा देने आए थे। इसी तरह पीलीभीत का तेजपाल दूसरे गिरोह के संपर्क में है। अब पुलिस गिरफ्तार चार आरोपी और परीक्षार्थियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करेगी।

अन्य सदस्यों का पता लगाया जा रहा है

एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि सेना में फायरमैन की भर्ती की लिखित परीक्षा में चार सॉल्वर पकड़े गए हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। गैंग में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में पता किया जाएगा।

फर्जी आधार कार्ड मिले

पुलिस की पूछताछ में पता चला कि शिवनगर पुलिया निवासी गजेंद्र यादव के स्थान पर तेजपाल, मैनपुरी के लोहाव लखेरा शाहजहां निवासी जयदेव यादव के स्थान पर बंटू यादव, अकेला के गहर्रा कला निवासी कुंवर पंकज के स्थान पर विपिन और बैरी चाहर निवासी अनिल कुमार के स्थान पर सनी कुमार परीक्षा दे रहा था। 

चारों ने भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए फर्जी आधार कार्ड भी तैयार कराए थे। आधार कार्ड पर सॉल्वरों ने अपने फोटो चिपकाए थे। इन पर पता अभ्यर्थी का था। सॉल्वरों को बुलाने वाले अभ्यर्थियों के नाम भी मुकदमे में शामिल किए गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें