आगरा। शहर में बहुमंजिला सोसाइटियों को एलपीजी मुक्त करने के प्रयास तेज हो गए हैं। इसके तहत, पीएनजी बुनियादी ढांचा वाली 64 सोसाइटियों के 5806 घरों को नोटिस जारी किए गए हैं। साथ ही, 3600 पीएनजी बकाएदार उपभोक्ताओं को भी नोटिस भेजे गए हैं।
बुधवार को जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। इसमें ग्रीन गैस लिमिटेड (जीजीएल) और तेल विपणन कंपनियों (भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड) के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में पीएनजी को बढ़ावा देने और सोसाइटियों को एलपीजी मुक्त घोषित करने की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि 64 बहुमंजिला सोसाइटियों में पीएनजी सुविधा का ढांचा पहले से उपलब्ध है। इन सोसाइटियों के 5806 घरों को नोटिस दिए जा चुके हैं। जीजीएल और तेल विपणन कंपनियों को नोटिस वितरण, उपभोक्ता जागरूकता और आपसी समन्वय का काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। तेल विपणन कंपनियों ने भी अपने एलपीजी उपभोक्ताओं को नोटिस देना शुरू कर दिया है। पहले चरण में अपर्णा रिवर व्यू, फ्रेंड्स आशियाना, फ्रेंड्स पैराडाइज और मातंगी टावर को एलपीजी मुक्त किया जाएगा। 90 दिनों की नोटिस अवधि पूरी होने के बाद इन सोसाइटियों का उपभोक्ता विवरण जीजीएल को सौंपा जाएगा। इसके बाद इन्हें एलपीजी मुक्त घोषित कर दिया जाएगा।