मैनपुरी। एलाऊ थाना क्षेत्र की बदहाल चार सड़कों की लोक निर्माण विभाग ने मरम्मत कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए विभाग की ओर से 70 लाख की धनराशि जारी की है। इस धनराशि से जल्द ही संबंधित सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी।
एलाऊ थाना क्षेत्र में कई सड़कें बदहाल पड़ी हैं। इन बदहाल सड़कों की मरम्मत कराने के लिए लगातार क्षेत्रीय लोग लोक निर्माण विभाग से मांग कर रहे थे। लोक निर्माण विभाग ने लोगों की मांग पर संबंधित सड़कों की मरम्मत कराने का निर्णय लिया है। मैनपुरी-कुसमरा मार्ग से नगला पंछी मार्ग की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग ने 11 लाख की धनराशि जारी की है।
म्योरा मार्ग से मंगलपुर मार्ग की मरम्मत के लिए 9 लाख की धनराशि जारी की गई है। ब्योंतीकला मार्ग से नगला निरंजन मार्ग के लिए 28 लाख और बघिरुआ मार्ग से नगला चतुरी मार्ग के लिए 22 लाख की धनराशि लोक निर्माण विभाग की ओर से जारी की गई है। धनराशि जारी करने के साथ ही टेंडर प्रकिया भी विभाग की ओर से शुरू कर दी गई है। अधिशासी अभियंता निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग अजय भाष्कर ने बताया कि जल्द ही संबंधित सड़कों की मरम्मत का कार्य कराया जाएगा।