पिनाहट। मंसुखपुरा थाना क्षेत्र के गांव तोताराम की ठार (सेहा) में रविवार दोपहर जमीन पर नींव खोदने के विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। तीन महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिनाहट में भर्ती कराकर मेडिकल कराया।
बताया गया है कि गांव तोताराम की ठार में छूट की जमीन पर एक पक्ष नींव खोद रहा था। बनारसी पुत्र लज्जाराम ने उक्त जमीन पर अपना कब्जा बताते हुए विरोध किया। आरोप है कि इससे नाराज दूसरे पक्ष के लोग बनारसी के घर पहुंच गए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में बनारसी, मांगलिया देवी (65), रामबाला तथा जावित्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी पक्ष के लोग भाग चुके थे। पुलिस ने सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल कराया। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।