फोटो25चोरी की लकड़ी के साथ आरपीएफ की हिरासत में रेलवे कर्मी व अन्य आरोपी ।स्रोत:आरपीएफ
कासगंज। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने शुक्रवार को गंजडुंडवारा के गणेशपुर से एक रेलवे कर्मचारी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया। टीम ने मौके से कटे हुए चार पेड़ व एक ट्रैक्टर बरामद किया है। आरपीएफ ने आरोपियों के खिलाफ रेलवे संपत्ति चोरी की धाराओं में कार्रवाई की है।
रेलवे स्टेशन दरियागंज व पटियाली के मध्य रेलवे लाइन के किनारे खड़े शीशम व पापड़ी के पेड़ काटकर बेचने की सूचना शुक्रवार को आरपीएफ को मिली। पेड़ रेलवेकर्मी की मदद से काटे जा रहे थे। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ की टीम सक्रिय हो गई। टीम ने गंजडुंडवारा के गणेशपुर से काटे गए पेड़ों की लकड़ी बेचते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम आरोपियों को काटे पेड़ के साथ गिरफ्तार कर कासगंज आरपीएफ पोस्ट पर ले आई।
पूछताछ में अपना नाम नीरज निवासी आनेदीपुर ककरोली थाना मठसेना जनपद फिरोजाबाद बताया। वह रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग में की मैन के पद पर कार्यरत है। वहीं, ट्रैक्टर चालक विवेक निवासी टपरी पटियाली, मंदीप निवासी नंगला मंशा थाना पटियाली, इकरार निवासी गणेशपुर, गंजडुंडवारा हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली में लदी लकड़ियां भी पुलिस ने बरामद कर लीं। आरपीएफ प्रभारी नरेश कुमार मीना ने बताया कि रेलवेकर्मी नीरज साथी मंदीप के साथ लाइन किनारे खड़ी लकड़ी काटने के बाद विवेक के ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर इकरार के यहां बेचते समय गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों के खिलाफ रेलवे संपत्ति चोरी की धाराओं में कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि आरोपी पूर्व में लाइनों के किनारे पड़ी लकड़ियों को भी बेचते थे।