मैनपुरी। सर्दी बढ़ने के साथ ही ब्लडप्रेशर के मरीजों का मर्ज बढ़ने लगा है। पिछले चौबीस घंटे में जिला अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे उच्च रक्तचाप से पीड़ित चार मरीजों की मौत हो गई। डॉक्टर मौत की वजह हार्टअटैक मान रहे हैं। वहीं दूसरी ओर जिला अस्पताल में दिल का डॉक्टर न होने से हार्ट के मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा है।
जिले में पिछले तीन साल से हृदय रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं है। ऐसे में दिल की बीमारियों से पीड़ित मरीजों को उचित उपचार नहीं मिल रहा है। जिले के गांव गड़ेरी निवासी कपूरचंद (45) को पिछले कुछ दिनों से उच्च रक्तचाप की दिक्कत थी। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। शुक्रवार को हालत बिगडने पर परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटपुरा निवासी प्रेमपाल सिंह की 50 वर्षीय पत्नी भी पिछले कुछ दिनों से हार्ट की दिक्कत से पीड़ित चल रही थीं।
परिजन शुक्रवार को उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाली क्षेत्र के गांव कुड़ेरी निवासी 45 वर्षीय ममता शर्मा को पिछले कुछ महीनों से हाई ब्लड प्रेशर की परेशानी थी। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। शुक्रवार को हालत बिगडने पर परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शहर के मोहल्ला पंजाबी कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय सुरेंद्र सिंह को उच्च रक्तचाप की दिक्कत थी। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। शुक्रवार को गंभीर हालत में परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव अंबरपुर निवासी दीपक के तीन माह के पुत्र गणेश को बृहस्पतिवार की रात अचानक निमोनिया की दिक्कत हुई। परिजनों ने शुक्रवार की सुबह उसे गंभीर हालत में देखा तो जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सर्दी में खून गाढ़ा हो जाता है, इससे रक्तचाप बढ़ने के साथ ही हार्ट अटैक का खतरा अधिक रहता है। जिला अस्पताल में हृदयरोग विशेषज्ञ की तैनाती के लिए कई बार पत्राचार किया गया, लेकिन चिकित्सक नहीं मिला है। चेस्ट फिजीशियन से ही हृदय के मरीजों को उपचार दिलाया जा रहा है। पिछले 24 घंटे में एक बच्चे सहित पांच लोगों को मृत अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया है। बच्चे को छोड़कर अन्य लोग परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार वह उच्च रक्तचाप से पीड़ित थे, ऐसे में हार्ट अटैक की पूरी संभावना है।
डॉ. अरविंद कुमार गर्ग, सीएमस