अस्थमा और निमोनिया से पीड़ित चार मरीजों ने तोड़ा दम
- पांच मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के किया गया रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। जिले में सर्दी के बीच अस्थमा और निमोनिया के मरीजों की दिक्कतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अलग-अलग क्षेत्र निवासी तीन बुजुर्गों की सांस लेने की दिक्कत के चलते मौत हो गई। वहीं एक मासूम ने निमोनिया की चपेट में आने से दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल से पांच अन्य मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है।
जसरऊ निवासी श्यामचरन की 40 वर्षीय पत्नी शारदा देवी को पिछले कुछ दिनों से अस्थमा की दिक्कत थी। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। शुक्रवार की सुबह अचानक उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नवीगंज निवासी प्रशांत कुमार की पांच दिन की बच्ची को दो दिन से निमोनिया की दिक्कत थी। परिजन उसका एक निजी डॉक्टर से उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर शुक्रवार को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बिछवां थाना क्षेत्र के गांव संतोषपुर निवासी 90 वर्षीय लालमणि को पिछले कुछ समय से अस्थमा की दिक्कत थी। सांस लेने में दिक्कत के चलते बृहस्पतिवार की रात परिजन ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। कुरावली के गांव लखौरा निवासी बाबूलाल की 90 वर्षीय पत्नी अतरप्यारी को पिछले कुछ समय से अस्थमा की दिक्कत थी। सांस लेने में दिक्कत होने पर परिजन शुक्रवार की सुबह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डाॅ. मदनलाल का कहना था कि तीन मरीजों को मृत अवस्था में लाया गया था।