आगरा। ग्रामीण क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्रों में बनने वाले उत्सव भवनों के लिए जमीन की तलाश तेज हो गई है। पंचायतों से प्रस्ताव मांगे जा रहे हैं। अभी तक तीन विधानसभा क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों से चार प्रस्ताव भेजे हैं। मई के पहले सप्ताह में ही जमीन की तलाश करनी है।
जनपद की नौ में से छह विधानसभा ग्रामीण क्षेत्र हैं। उनमें ग्रामीणों की सहूलियत के लिए 1.41 करोड़ की लागत से उत्सव भवन बनेंगे, जो आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होंगे। इनमें गांवों के लोग जनता सांस्कृतिक, सामाजिक और पारिवारिक आयोजन बेहतर रूप से कर सकेंगे। भवन में बड़ा हॉल, विवाह रस्मों के लिए सुंदर मंडप और मेहमानों के ठहरने के लिए कमरे होंगे।
फतेहपुर सीकरी की कराही ग्राम पंचायत में पहले उत्सव भवन का निर्माण चल रहा है। बाह से बटेश्वर और बरेंडा पंचायत ने जमीन का प्रस्ताव भेजा है। खेरागढ़ की जाजऊ पंचायत और एत्मादपुर की मुरार अलीपुर पंचायत से उत्सव भवन बनाने के लिए प्रस्ताव डीपीआरओ के पास आए हैं। आगरा ग्रामीण और फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र की किसी पंचायत से कोई प्रस्ताव नहीं आया है। जिला पंचायत राज अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि उपजिलाधिकारियों को जमीन का चयन करके देना है। इसके साथ ही पंचायतों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। यदि वह निरीक्षण में मानक के अनुरूप पाई जाती है तो चयन किया जाएगा। इन जमीन को मई के पहले सप्ताह में ही चिह्नित करना है।
भवन के लिए तीन हजार वर्ग मीटर जमीन चाहिए
उत्सव भवन के लिए कम से कम तीन हजार वर्ग मीटर सरकारी जमीन होनी चाहिए। आवागमन के लिए पक्की सड़क हो, हाईवे के किनारे वाली जमीन को पहले प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा कम से कम दस हजार आबादी वाली पंचायतों के केंद्र में हो, जिससे अधिक से अधिक पंचायतों के लोगों को लाभ मिल सके।