आगरा। थाना न्यू आगरा क्षेत्र में ऑटो में बैठाकर यात्री का मोबाइल और कीमती सामान चोरी करने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने पांच घंटे के अंदर गिरफ्तार किया है। उनके पास से वारदात में प्रयुक्त ऑटो, चोरी के दो मोबाइल और नकदी बरामद हुई है।
एसीपी हरीपर्वत अक्षय महाडिक ने बताया कि 7 मार्च को पीड़ित ने सूचना दी थी कि वह भगवान टॉकीज से सिकंदरा जा रहे थे। ऑटो में चालक के साथ 3 लोग और पहले से बैठे थे। उनमें से किसी ने मोबाइल चोरी कर लिया और यूपीआई के माध्यम से रकम निकाल ली। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की।
सीसीटीवी और अन्य माध्यम से आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने खंदारी चौराहे के पास से शास्त्रीपुरम निवासी मुस्तफा, बाबू, दहतौरा निवासी अरबाज और शीतल महावर को गिरफ्तार किया है। चारों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिए गए।
-
जीआरपी ने पकड़ा गांजा तस्कर
आगरा। जीआरपी कैंट थाना पुलिस ने शनिवार को चेकिंग के दौरान जौनपुर निवासी विवेक कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास 7 किलो गांजा बरामद हुआ है। जिसकी अनुमानित कीमत 1.1 लाख रुपये है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया। संवाद