रामनगर। गांव बंसरमऊ में शनिवार की रात चोर एक मकान के पिछले हिस्से में नकब लगाकर करीब चार लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। रविवार की सुबह पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई।
थाना किशनी क्षेत्र की रामनगर चौकी क्षेत्र के गांव निवासी अनिल शाक्य शनिवार की शाम करीब आठ बजे सो गए थे। रात में किसी समय चोरों ने मकान के पिछले हिस्से में नकब लगाया और एक कमरे के अंदर दाखिल हो गए। अलमारी और बक्से आदि को तोड़कर उसमें रखे नकदी और जेवर चोरी कर लिए। रविवार की सुबह परिजन जागे तो नजारा देश होश उड़ गए। सूचना पर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और जानकारी ली।
यह सामान गया चोरी
गृहस्वामी अनिल ने बताया कि चोर दो तोला सोना, एक सोने की चेन, 14 अंगूठी, एक पैंडल, एक मंगलसूत्र, छह जोड़ी कुंडल, चांदी के जेवर, 15 हजार की नकदी सहित करीब चार लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।
फोरेंसिक और डॉग स्क्वैड की टीम ने की जांच
पुलिस को जांच में पास ही एक खेत में घर से चोरी सूटकेस, बक्सा आदि खाली पड़ा मिला। फोरेंसिक और डॉग स्क्वैड की टीम ने जांच की। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने घटनास्थल व खेत में मिले खाली बक्सा आदि से सैंपल एकत्र किए। डॉग स्क्वैड ने आसपास के क्षेत्र में सुरागकशी की।