मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन की तैयारियां जिले में तेज कर दी गई हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने चार कॉलेजों का प्रस्ताव मूल्यांकन केंद्र के लिए परिषद कार्यालय को भेजा है। इन केंद्रों पर पूर्व में भी मूल्यांकन कार्य होता रहा है।
यूपी बोर्ड परीक्षा के समापन के बाद अब बोर्ड परीक्षार्थियों की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी तेज कर दी गई है। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश के सचिव ने जिला विद्यालय निरीक्षक से जिले में मूल्यांकन के लिए कॉलेजों की सूची मांगी थी। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने जनपद के पूर्व में मूल्यांकन केंद्र रहे कॉलेजों का प्रस्ताव मूल्यांकन केंद्र के लिए तैयार कर बोर्ड को भेजा है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज आगरा रोड मैनपुरी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज देवी रोड मैनपुरी, जैन इंटर कॉलेज करहल और नरसिंह यादव इंटर कॉलेज करहल का नाम मूल्यांकन केंद्र के लिए भेजा गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं बोर्ड से निर्देश मिलते ही आगे की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।