कोतवाली पुलिस ने बुधवार को शहर के किला बजरिया मोहल्ला स्थित एक मकान में छापा मारा। यहां से पुलिस ने बड़ी मात्रा में स्मैक बरामद करने के साथ ही चार लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत 70 लाख रुपये बताई जा रही है।
कोतवाली में बुधवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए सीओ सिटी अभय नरायन राय ने मामले का खुलासा किया। कहा कि मोहल्ला किला बजरिया में लंबे समय से मादक पदार्थ बिक्री का कारोबार संचालित था। बुधवार को इंस्पेक्टर ओमहरि वाजपेई को सूचना मिली कि किला बजरिया स्थित रजनी देवी के घर में स्मैक की बिक्री की जा रही है।
इंस्पेक्टर ने पुलिसबल के साथ कार्रवाई की। तलाशी वारंट लेकर पहुंची पुलिस टीम को घर से सात सौ ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा 25 हजार की नकदी व एक मोबाइल भी मिला। मौके से दो महिलाओं सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पकड़े गए लोगों ने अपने नाम राजी अली, निवासी नई बस्ती थाना तकिया जनपद इटावा, अजय जाटव निवासी गोल पहाड़िया बिजली घर थाना जनकगंज ग्वालियर, रजनी पत्नी अनिल निवासी किला बजरिया और रानी देवी पत्नी विमलेश राजपूत निवासी लालपुर सगौनी थाना दन्नाहार बताया।
वहीं पुलिस को देखकर कांती देवी, राजकुमारी, राजू निवासी किला बजरिया और कमलेश निवासी गांव लालपुर भाग निकले। पुलिस इनकी तलाश में जुटी है।
वीडियो भी वायरल
शहर के किला बजरिया में हो रहा स्मैक कारोबार किसी से छिपा नहीं है। आसपास के रहने वाले लोग भय के चलते धंधेबाजों का नाम तक बताने को तैयार नहीं होते हैं। वहीं कुछ माह पूर्व पकड़ी गई एक महिला का स्मैक बिक्री करते वीडियो भी वायरल हुआ था।
पकड़े गए लोग फुटकर बिक्री करते थे
सीओ सिटी ने बताया कि जिन चार लोगों को पकड़ा गया है वह सिर्फ फुटकर बिक्री करते थे। उन्हें सप्लाई फरार हुए आरोपी देते थे। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पुलिस को जानकारी होगी कि आखिर वह कहां से स्मैक की खरीदारी करते हैं।