केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले सांसद राजकुमार चाहर
- फोटो : अमर उजाला
जयपुर हाईवे का 18 किमी का हिस्सा अभी भी डबल लेन ही है। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने महुअर (किरावली) से लेकर पृथ्वीनाथ फाटक तक के इस हिस्से को फोर लेन का आश्वासन दिया है। इस पर जल्द ही दिल्ली में एनएचएआई के अधिकारियों के साथ बैठक होगी।
फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने मंगलवार को दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जयपुर हाईवे के 18 किमी हिस्से को फोर लेन और बाद में इस पूरे हाईवे को सिक्स लेन करने की मांग की।
सांसद का कहना था कि आगरा-जयपुर रूट पर काफी संख्या में पर्यटकों का आवागमन रहता है। इसलिए इसे सिक्स लेन किया जाना जरूरी है। इसके अलावा सांसद ने रुनकता से यमुना एक्सप्रेसवे के बीच प्रस्तावित उत्तरी बाईपास का काम शीघ्र शुरू कराने की भी मांग रखी। जिससे कि शहर में भारी वाहनों का आवागमन कम हो सके।