अजय सिंह पत्रकारिता से राजनीति में आए थे। वो 1986 से 1989 तक उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य रहे। इसके बाद 1989 में आगरा लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीता और वीपी सिंह सरकार में उप रेलमंत्री बने। उन्होंने आगरा से मुंबई तक लश्कर एक्सप्रेस चलवाई थी। अछनेरा में कोच फैक्टरी मंजूर कराई, लेकिन सरकार गिर जाने के कारण लग नहीं पाई।
पूर्व केंद्रीय मंत्री के मित्र धर्मवीर सिंह चाहर ने बताया कि अजय सिंह ने आगरा में ताज महोत्सव की शुरुआत कराई थी। उनके पिता कैप्टन भगवान सिंह फिजी में राजदूत थे। वो भी 2005 से 2007 के दौरान फिजी में भारत के उच्चायुक्त रहे। वो अखिल भारतीय जाट महासभा के अध्यक्ष भी रहे। अजय सिंह के निधन पर आगरावासियों ने शोक जताया है।