आगरा के पिनाहट में मंगलवार को चंबल सेंक्चुअरी का दायरा घटाने की मांग के लिए निकाली जा रही जागरूकता रैली में बवाल हो गया। गाड़ियों में लगे हूटर बजाने पर हुए विवाद में पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह और पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुग्रीव सिंह के समर्थक भिड़ गए। इनके बीच जमकर पथराव हुआ।
ईंट-पत्थर लगने से छह लोग घायल हो गए। करीब 12 गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। बवाल की सूचना पर एसपी सिटी फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने समझाकर किसी तरह मामला शांत कराया। तनाव के मद्देनजर कस्बे में फोर्स तैनात है।
पुलिस के मुताबिक चंबल सेंक्चुअरी का दायरा घटाने के लिए पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह के निर्देशन में सोमवार से तीन दिवसीय जागरूकता रैली शुरू की गई है। मंगलवार को पिनाहट से रैली शुरू की जा रही थी, तभी पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुग्रीव सिंह समर्थकों के साथ अपनी गाड़ियों से निकले।