पूर्व क्रिकेटर चेतन शर्मा का कहना है कि भारतीय क्रिकेट टीम को अभी और कड़ी मेहनत की जरूरत है। कामयाबी के लिए ही संघर्ष किया जाता। नाकामी में भी कामयाबी छिपी है। आज भी मुझे 1987 वर्ल्ड कप का वो पल याद है, जब पाकिस्तानी क्रिकेटर जावेद मियांदाद ने मेरी अंतिम बॉल पर छक्का मारकर मैच जीत लिया था।
पूर्व क्रिकेटर चेतन शर्मा शनिवार को कासगंज के सेंट जोसेफ पब्लिक स्कूल के वार्षिक समारोह में बतौर अतिथि आए थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 1987 में मैंने हैट्रिक बनाई थी वो आज तक की मेरी सबसे सर्वश्रेष्ठ हैट्रिक है। उन्होंने कहा कि कोई भी हारने के लिए नहीं खेलता। हर कोई जीत के लिए प्रयास करता है, लेकिन कभी-कभी ऐसी नाकामी का सामना भी करना पड़ जाता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम ने इंदौर टेस्ट मैच में बेहतर प्रदर्शन किया। गेंदबाजों को दबदबा रहा है। क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली की टीम को मैं बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि वेस्ट इंडीज और भारत की महिला क्रिकेट टीम के बीच भी हुए प्रदर्शन में महिला खिलाड़ियों का लाजवाब प्रदर्शन रहा है।
पूर्व क्रिकेटर चेतन शर्मा ने प्रदूषण पर गहरी चिंता जताते हुए बच्चों को प्रदूषण को लेकर जागरूक रहने का संदेश दिया। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने कहा कि प्लास्टिक का प्रयोग बिल्कुल न करें। एसपी सुशील घुले ने कहा कि विद्यार्थियों को ऊंचाईयों तक पहुंचने के लिए मन लगाकर पढ़ना चहिए।