मैनपुरी के नवोदय विद्यालय में हुए कथित छात्रा हत्याकांड में एसआईटी लगातार सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है। अब तक एसआईटी मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल खंगाल रही थी, वहीं अब फॉरेंसिक टीम के सहारे एसआईटी इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है। इसके लिए फॉरेंसिक टीम ने कई नमूने भी लिए हैं।
छात्रा हत्याकांड के मामले में एसआईटी जांच कर रही है। कई दिनों तक एसआईटी के अध्यक्ष आईजी कानपुर रेंज मोहित अग्रवाल ने खुद जांच कर जानकारी जुटाई। वहीं अब जांच का जिम्मा टीम के अन्य दो सदस्य एसपी अजय कुमार व सीओ एसटीएफ श्यामकांत पर है।
बीते 13 दिनों से चल रही जांच अब तक किसी खास नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। एसआईटी ने अब फॉरेंसिक टीम का सहारा लिया है। फॉरेंसिक टीम ने शुक्रवार को छात्रा के बक्से से मिल कुछ सामान के नमूने जांच के लिए एकत्रित किए। सूत्रों के अनुसार स्टाफ के फिंगरप्रिंट भी लिए गए हैं।