आगरा में फोर्स के साथ पैदल मार्च करते एसएसपी बबलू कुमार
- फोटो : अमर उजाला
नागरिकता संशोधन विधेयक-2019 के विरोध की आशंका के मद्देनजर आगरा और मथुरा में पुलिस सतर्कता बरत रही है। शुक्रवार को आगरा में सेक्टर स्कीम लागू कर दी गई। हर सेक्टर में एसपी से लेकर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई। वहीं मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मस्थान समेत प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई।
आगरा जिले को 15 सेक्टर और छह जोन में बांटा गया है। इनमें एक-एक एसपी और सीओ की तैनाती गई है। शुक्रवार सुबह सात बजे एसएसपी बबलू कुमार परेड के बाद फोर्स के साथ रूट मार्च पर निकले। शाहगंज, मंटोला, छत्ता और रकाबगंज क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में रूट मार्च किया। जुमे की नमाज के दौरान मंटोला में अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई थी। एलआईयू भी अलग से नजर बनाए हुए है।
मथुरा में पैदल मार्च करते एसपी सिटी अशोक कुमार मीणा, सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा में भी शुक्रवार सुबह से मथुरा पुलिस सतर्क और सजग रही। जनपद समेत शहर के चौराहे और तिराहे पर पुलिस मुस्तैद दिखाई दी। अति संवेदनशील श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। वहीं कड़ी तलाशी से कृष्ण भक्त गुजरे। जनपद के प्रमुख मंदिरों और स्थलों के पास पुलिस चौकसी सुबह से बनी रही।
एसएसपी शलभ माथुर ने रात को ही पुलिस को पूरी तरह सतर्क और सजग रहने के निर्देश दिए थे। एसपी सिटी अशोक कुमार मीणा, सीओ सिटी राकेश कुमार, थाना गोविंदनगर प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह, कोतवाली प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह और कार्यवाहक थाना सदर बाजार प्रभारी सरिता द्विवेदी आदि अफसरों ने पैदल गश्त करके पूरी निगाहबानी रखी।