भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ रहे तनाव का असर ताजनगरी के पर्यटन पर भी पड़ रहा है। मौजूदा हालात देखते हुए विदेशी सैलानियों ने ताजमहल के दीदार की ख्वाहिश कुछ दिनों के लिए टाल दी है। इसके पीछे उन्होंने एयर स्ट्राइक को वजह बताया है।
तीन दिन से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव भरे हालात और एयर स्ट्राइक के कारण विदेशी पर्यटकों ने अपने प्रोग्राम आगे कर दिए हैं तो कइयों ने बुकिंग भी रद्द कर दी है। एक से पांच मार्च के बीच ताजमहल के दीदार का कार्यक्रम बनाकर बुकिंग करा चुके विदेशी पर्यटकों ने ई-मेल से बुकिंग कैंसिल करनी भी शुरू कर दी हैं।
अमेरिका और कनाडा के कुछ पर्यटकों ने गुरुवार को ई-मेल भेजकर अपने भारत और आगरा दौरे को स्थगित कर दिया है। आगरा टूरिस्ट डेवलपमेंट फाउंडेशन अध्यक्ष और होटल संचालक संदीप अरोड़ा ने बताया कि कनाडा के पर्यटकों ने ई-मेल में एयर स्ट्राइक और उड़ानों के प्रभावित होने को वजह बताकर बुकिंग कैंसिल कर दी है।