मैनपुरी। कुर्रा थाना पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ मिलकर कुर्रा थाना क्षेत्र में देसी घी बनाने और बेचने वाले एक बड़े गिरोह का सोमवार रात भंडाफोड़ किया। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 1050 लीटर घी जब्त किया है, जिसकी बाजार में कीमत 5 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।पुलिस ने मौके से अनुपम गुप्ता निवासी महाजनान, बेवर को गिरफ्तार किया है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अतुल पाठक ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बेवर से एक कार में घी की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। एसओजी प्रभारी गगन गौर की टीम और खाद्य सुरक्षा विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने एक गाड़ी को रोका, जिसकी तलाशी लेने पर उसमें से 75 टिन घी बरामद हुआ। यह घी बिना किसी ब्रांड नाम के पैक किया गया था। पुलिस ने मौके से अनुपम गुप्ता नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो महाजनान, बेवर का रहने वाला है। वह यह घी गैर-जनपद में ले जा रहा था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। घी का सैंपल भेजकर जांच कराई जाएगी।